जगदलपुर में जिला स्तरीय 'बस्तर ओलंपिक 2026' का आयोजन 25 नवम्बर से
जगदलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। बस्तर की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह दो दिवसीय खेल आयोजन कल 25 नवम्बर से 26 नवम्बर तक जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में संपन्न होगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन का संचालन गृह विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन बस्तर द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन समारोह बुधवार 25 नवम्बर को प्रातः 11 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम जगदलपुर में आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में जगदलपुर के विधायक किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद बस्तर महेश कश्यप अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके पश्चात समापन समारोह गुरुवार 26 नवम्बर को संध्या 04 बजे इसी स्टेडियम में होगा, जिसमें वन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि तथा सांसद बस्तर श महेश कश्यप और विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे।
उद्घाटन और समापन दोनों ही समारोहों में विशिष्ट अतिथि के रूप में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, छत्तीसगढ़ राज्य ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी , इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डे, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत बस्तर के उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी तथा नगर पालिक निगम जगदलपुर के अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस आयोजन के अवसर पर बस्तर क्षेत्र के नागरिकों और खेल प्रेमियों से अपील की गई है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

