home page

30 मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की तैयारी का मामला, फरार आरोपित 45 दिन बाद गिरफ्तार

 | 
30 मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने की तैयारी का मामला, फरार आरोपित 45 दिन बाद गिरफ्तार


बलरामपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में पशु तस्करी और अवैध रूप से मवेशियों को ले जाने के मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में त्रिकुंडा थाना क्षेत्र की डिंडो चौकी पुलिस ने करीब 30 मवेशियों को बांधकर बूचड़खाने ले जाने की तैयारी के मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। आज सोमवार को पुलिस ने आरोपित इब्राहिम सिद्दीकी को पकड़ा और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को बसंतपुर निवासी आशुतोष कुमार गुप्ता को सूचना मिली थी कि ग्राम बीरेंद्रनगर में क्रेशर के पास कुछ लोग गाय, बैल और बछिया को रस्सी से बांधकर बूचड़खाने ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के बाद वह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां करीब 30 मवेशियों को रस्सियों से बांधकर रखा गया था।

मौके पर तीन लोग मौजूद थे। ग्रामीणों को देखते ही तीनों वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया था, जिसने पूछताछ में अपना नाम इब्राहिम उर्फ डाबर और ग्राम बीरेंद्रनगर का निवासी बताया। हालांकि, वह भी चकमा देकर मौके से फरार हो गया था।

मामले की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद डिंडो चौकी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध क्रमांक 54/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

अपराध दर्ज होने के बाद से आरोपित इब्राहिम सिद्दीकी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोमवार को आरोपित को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस के समक्ष अपराध करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपित इब्राहिम सिद्दीकी निवासी बीरेंद्रनगर, डिंडो, थाना त्रिकुंडा को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे, सहायक उप निरीक्षक रामलगन सिंह, डीएसएफ आरक्षक नंदलाल गोस्वामी, आरक्षक भीम कुमार तिर्की और आरक्षक शिवभजन पोर्ते शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय