home page

सूरजपुर : अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

 | 
सूरजपुर : अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय में डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल, आमजन से प्राप्त शिकायतों, लंबित अपराधों, विवेचना की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में डीआईजी-एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी कर मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए। उन्होंने आमजन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने विवेचना में ई-साक्ष्य प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग करने, सीसीटीएनएस में सभी प्रविष्टियों को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। आगामी कृषि कार्यों को देखते हुए भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीआईजी/एसएसपी ने शाम एवं रात्रि के समय पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की सतत मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त और सक्रिय पुलिसिंग आवश्यक है।

इसके साथ ही आईजी सरगुजा रेंज के आगामी निरीक्षण की तैयारियों को समयपूर्व पूरा करने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, जनसंवाद एवं महिला-बाल सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

आगामी शैक्षणिक सत्र को देखते हुए स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने को भी कहा गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय