राशन में गड़बड़ी, धनगांव की दुकान का आबंटन रद्द
बलरामपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। राशन वितरण में अनियमितता और लापरवाही सामने आने के बाद बलरामपुर अनुभाग की शासकीय उचित मूल्य दुकान धनगांव का आबंटन निरस्त कर दिया गया है। दुकान का संचालन करने वाली खाद्य सुरक्षा पोषण एवं उपभोक्ता सेवा सहकारी समिति मर्यादित धनगांव के खिलाफ यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बलरामपुर ने की है।
ग्रामीणों ने दुकान संचालक और विक्रेता के खिलाफ समय पर दुकान नहीं खोलने, ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद राशन नहीं देने और खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी की शिकायत की थी। खाद्य निरीक्षक की जांच में शिकायत सही पाई गई।
जांच के दौरान दुकान के भौतिक सत्यापन में चावल, चना और नमक के स्टॉक में भी अंतर मिला। इसे छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया।
मामले में समिति को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब देने और अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर दिया गया, लेकिन समिति की ओर से संतोषजनक जवाब या दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया। प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया में भी समिति की ओर से सहयोग नहीं किया गया।
इसके बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2016 की कंडिका 16(1) के तहत एसडीएम बलरामपुर ने आज धनगांव उचित मूल्य दुकान का आबंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।
नई एजेंसी को दुकान का आबंटन होने तक धनगांव की उचित मूल्य दुकान को सारंगपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान से संलग्न कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से धनगांव के ग्रामीणों को राशन वितरण में परेशानी नहीं होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

