ई-ऑफिस में धमतरी की उल्लेखनीय छलांग
धमतरी, 20 जनवरी (हि.स.)। डिजिटल इंडिया की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में शासन द्वारा लागू ई-ऑफिस प्रणाली आज प्रशासनिक पारदर्शिता, गति और जवाबदेही का सशक्त माध्यम बन चुकी है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में जहां ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय कार्यों का सफल संचालन हो रहा है, वहीं धमतरी जिला भी इस डिजिटल परिवर्तन में उल्लेखनीय प्रगति के साथ अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।
जिले में ई-ऑफिस के माध्यम से 19 जनवरी 2026 की स्थिति के अनुसार कुल 4,479 प्रकरणों का निष्पादन दर्ज किया गया है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि धमतरी के विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली को न केवल अपनाया गया है, बल्कि उसका नियमित, प्रभावी और परिणामोन्मुख उपयोग भी हो रहा है। फाइलों का ऑनलाइन संधारण, नोटशीट, अनुमोदन और पत्राचार ने पारंपरिक कागजी कार्यप्रणाली को काफी हद तक पीछे छोड़ दिया है। जिले में राजस्व, शिक्षा, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, वन, आदिवासी कल्याण, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, सहकारिता, श्रम, पुलिस, निर्वाचन सहित अनेक विभागों द्वारा ई-ऑफिस का सक्रिय उपयोग किया जा रहा है। इससे विभागों के बीच समन्वय बेहतर हुआ है और फाइलों के अनावश्यक विलंब में उल्लेखनीय कमी आई है। अब निर्णय प्रक्रिया अधिक त्वरित, पारदर्शी और ट्रैक करने योग्य बन गई है।
ई-ऑफिस प्रणाली से जहां एक ओर समय और संसाधनों की बचत हो रही है, वहीं दूसरी ओर कागज के उपयोग में कमी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक पहल देखने को मिल रही है। अधिकारी और कर्मचारी अब कहीं से भी फाइलों का अवलोकन और निराकरण कर पा रहे हैं, जिससे कार्यदक्षता में निरंतर वृद्धि हो रही है।
इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ई-ऑफिस को केवल तकनीकी व्यवस्था नहीं, बल्कि प्रशासनिक सुधार का प्रभावी औजार मानते हुए इसके अधिकतम उपयोग पर बल दिया है। उनके स्पष्ट निर्देशों और सतत मार्गदर्शन का परिणाम यह रहा कि जिले के अधिकांश विभागों में डिजिटल कार्यसंस्कृति को मजबूती मिली है।
कलेक्टर द्वारा नियमित समीक्षा, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान, नवप्रवेशी कर्मियों को हैंड होल्डिंग सपोर्ट तथा बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहन देकर डिजिटल कार्यप्रणाली को गति दी जा रही है। कुल मिलाकर, ई-ऑफिस के प्रगति आंकड़े यह स्पष्ट संकेत देते हैं कि धमतरी जिला डिजिटल सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में ई-ऑफिस का व्यापक और गहन उपयोग प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा तथा आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

