ग्राम रत्नाबांधा में 20 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, गांव में खुशी की लहर
धमतरी, 08 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के ग्राम रत्नाबांधा के शासकीय स्कूल परिसर में बुधवार को 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन जनपद पंचायत सदस्य कीर्तन मीनपाल ने की।
भूमिपूजन के साथ ही गांव में दो महत्वपूर्ण कार्यों की आधारशिला रखी गई। इनमें शासकीय स्कूल परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण तथा राजेश मीनपाल के घर से पी.जी. कॉलेज रोड तक 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण शामिल है। इन कार्यों के शुरू होने से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और आमजन तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल में टीन शेड बनने से बच्चों को सुविधा मिलेगी, वहीं सीसी रोड निर्माण से आवागमन सुगम होगा। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने कहा कि ग्रामवासियों के सहयोग और विश्वास से रत्नाबांधा निरंतर विकास की ओर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है और शिक्षा व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सरपंच फकीरचंद वर्मा ने इस अवसर को ग्राम के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने से गांव को नई गति मिलेगी। उन्होंने शासन-प्रशासन और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत भविष्य में भी विकास कार्यों को गति देती रहेगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा आमदी मंडल अध्यक्ष विनय जैन और समाजसेवी दीपक ठाकुर उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व सरपंच रामभागवत मीनपाल, वरिष्ठ नागरिक रामसिंग मंडावी, दिलीप मीनपाल, जोहन पाल और नाघोराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
समारोह के सफल आयोजन में उपसरपंच दादू लाल यदु, सचिव दधिची अग्रवाल, रोजगार सहायक सुनिता मीनपाल, पंचायत के पंचगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा शाला विकास समिति और ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। अंत में ग्राम पंचायत रत्नाबांधा की ओर से सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

