home page

किसानों के हित में बड़ी कार्रवाई: पान सीड्स प्रा. लि. के 75 हजार बोरी धान बीज की बिक्री पर रोक, कारण बताओ नोटिस जारी

 | 
किसानों के हित में बड़ी कार्रवाई: पान सीड्स प्रा. लि. के 75 हजार बोरी धान बीज की बिक्री पर रोक, कारण बताओ नोटिस जारी


किसानों के हित में बड़ी कार्रवाई: पान सीड्स प्रा. लि. के 75 हजार बोरी धान बीज की बिक्री पर रोक, कारण बताओ नोटिस जारी


धमतरी, 05 जुलाई (हि.स.)। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने तथा बीज वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने शनिवार शाम को विकासखंड कुरूद के ग्राम बंजारी स्थित मेसर्स पान सीड्स प्रा. लि. के बीज प्रोसेसिंग एवं भंडारण परिसर में औचक निरीक्षण किया। संचालनालय कृषि के निर्देशन में जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर लगभग 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति एवं उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया। साथ ही संबंधित फर्म को तीन दिवस के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कंपनी द्वारा बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग संबंधी जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई थी। इसके अलावा लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अतिरिक्त अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण, पैकेजिंग सामग्री का उपयोग तथा वितरण प्रक्रिया में भी अनियमितताएं पाई गईं। इन कमियों को गंभीर मानते हुए परिसर में उपलब्ध कच्चे एवं ग्रेडेड धान बीज के साथ समस्त पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति और उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी गई। वहीं पैक किए गए धान बीजों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता तथा बीज अधिनियम एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में संचालनालय कृषि से राहुल देव (भा.प्र.से.), मयंक बघेल, उप संचालक कृषि, जितेन्द्र ठाकुर, सहायक संचालक कृषि तथा जिला स्तर से रामकुमार साहू, कृषि विकास अधिकारी एवं बीज निरीक्षक, चेश कुमार सार्वा, कृषि विकास अधिकारी, मयंक नागवंशी और आदित्य कुमार मेश्राम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा