छत्तीसगढ़ के धमतरी में अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया और दुबई के भक्तों के नाम से जल रही जोत
-विदेशों तक फैली मां की भक्ति, भक्तों की मनोकामना पूर्ण करती है मां
धमतरी, 19 मार्च (हि.स.)। आस्था, विश्वास और श्रद्धा का अद्भुत संगम इन दिनों छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी मंदिर में देखने को मिल रहा है। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर यहां देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक से भक्तों की आस्था जुड़ रही है। अमेरिका, कनाडा, दुबई और ऑस्ट्रेलिया में निवास कर रहे श्रद्धालुओं के नाम से मंदिर में मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की जा रही है, जो मां के प्रति अटूट विश्वास को दर्शाती है।
नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ माता के दर्शन-पूजन के लिए उमड़ रही है। विशेष रूप से मनोकामना ज्योत (अखंड ज्योति) जलाने की परंपरा यहां वर्षों से चली आ रही है, जिसमें भक्त अपनी इच्छाओं की पूर्ति के लिए नौ दिनों तक दीप प्रज्वलित करते हैं। जानकारी के अनुसार इस साल यहां लगभग 15 सौ मनोकामना जोत मनोकामना दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं।मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद पवार के अनुसार, धमतरी ही नहीं बल्कि अन्य जिलों और राज्यों के साथ-साथ विदेशों में बसे लोगों के परिजन हर साल नवरात्र में यहां ज्योत जलवाते हैं। उनका विश्वास है कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से जीवन में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है।
इस बार एक श्रद्धालु ने देश के प्रमुख नेताओं-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छग के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय- के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए विशेष ज्योत प्रज्वलित कराई है। यह पहल मंदिर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
विप्र विदवत परिषद धमतरी के सदस्य पंडित राजकुमार तिवारी ने बताया कि नवरात्र में जलाई जाने वाली अखंड ज्योति माता दुर्गा की कृपा प्राप्त करने का एक प्रमुख माध्यम मानी जाती है। यह ज्योति अज्ञान और नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि लाने का प्रतीक है। मान्यता है कि नौ दिनों तक निरंतर जलने वाली इस ज्योत के समक्ष की गई साधना से माता शीघ्र प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

