home page

गंगरेल बांध से भरे जा रहे धमतरी, कुरुद और नगरी ब्लाक के तालाब

 | 
गंगरेल बांध से भरे जा रहे धमतरी, कुरुद और नगरी ब्लाक के तालाब


-महानदी रुद्री नहर से शहर के तालाबों में जा रहा पानी

धमतरी, 09 मई (हि.स.)। गर्मी के इस मौसम में ग्रामीणों के निस्तारी के लिए इन दिनों गंगरेल बांध के पानी से जिले के धमतरी, कुरुद, नगरी ब्लाक के तालाबों को भरा जा रहा है। महानदी जलाशय परियोजना रुद्री से निस्तारी तालाबों को भरने का क्रम लगभग माहभर से चल रहा है। जानकारी के अनुसार जिले के 197 गांवों में कुल 341 चिन्हांकित तालाबों को नहरों के माध्यम से भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक 313 तालाबों को सफलतापूर्वक भरा जा चुका है।।

गर्मी सीजन में गांवों में निस्तारी और मवेशियों के लिए पेयजल की समस्या गंभीर हो गई है। तालाबों का जलस्तर घटने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में महानदी वितरक नहरों के माध्यम से तालाबों तक पानी पहुंचने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है। तालाब भरने की इस पहल से न केवल लोगों की दैनिक जरूरतें पूरी होगी, बल्कि मवेशियों के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। महानदी जलाशय परियोजना के अंतर्गत केवल धमतरी ही नहीं बल्कि पड़ोसी जिले बालोद के गुरुर विकासखंड में भी तालाब को भरने के लिए पानी की आपूर्ति की जाती है। महानदी वितरक शाखा क्रमांक-एक नहर के माध्यम से गुरुर विकासखंड के चार गांवों में तालाब भरने का कार्य किया गया। यहां कुल नौ तालाबों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसे विभाग ने शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। अब चारों गांवों के सभी नौ तालाब पूरी तरह भर चुके हैं। एसडीओ सिंचाई विभाग धमतरी पीआर ध्रुव ने बताया कि जिले में अब तक 310 तालाबों को भरा जा चुका है। शेष तालाबों को भी चरणबद्ध तरीके से भरने की कार्रवाई जारी है।

महानदी जलाशय परियोजना रुद्री संभाग क्रमांक-दो कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार धमतरी ब्लॉक के 46 गांव में से 81 तालाब को भरने का लक्ष्य रखा गया है जिसमें से 68 तालाब भरे जा चुके हैं। इसी तरह से कुरुद ब्लाक के 185 गांव में से 185 तालाब में से 188 भरे गए हैं। नगरी ब्लाक के 46 गांव में से 75 तालाब को भरने का लक्ष्य रखा गया है जिसमें से 62 तालाब भरे जा चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा