home page

धमतरी को मिली विकास की नई रफ्तार, दो फोरलेन सड़कें और नया डिवाइडर देंगे आधुनिक शहर की पहचान

 | 
धमतरी को मिली विकास की नई रफ्तार, दो फोरलेन सड़कें और नया डिवाइडर देंगे आधुनिक शहर की पहचान


धमतरी, 04 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के समग्र विकास की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया, जब दो प्रमुख फोरलेन सड़क परियोजनाओं और शहर के नए डिवाइडर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तथा सिहावा चौक से कुल्यारी तक बनने वाली फोरलेन सड़कों के साथ शहर के मध्य डिवाइडर निर्माण कार्य की शुरुआत नारियल फोड़कर की गई। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, एसडीएम पीयूष तिवारी, नभ सिंह, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा, जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक लगभग 4.4 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परियोजना के तहत आवश्यक वृक्ष कटाई और अन्य प्रारंभिक कार्य प्रारंभ हो चुके हैं तथा निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। वहीं सिहावा चौक से कुल्यारी तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क को भी आधुनिक फोरलेन स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण के साथ आधुनिक पाथ-वे, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, सड़क सुरक्षा संबंधी सुविधाएं, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था तथा व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। भविष्य में पेयजल पाइपलाइन और अन्य शहरी सेवाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में अग्रिम प्रावधान किए जा रहे हैं, ताकि बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता न पड़े और नागरिकों को दीर्घकालिक सुविधाएं मिल सकें। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने के लिए नगर निगम एवं जिला प्रशासन मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़कें केवल यातायात को सुगम नहीं बनाएंगी, बल्कि व्यापार, निवेश, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देंगी। सड़कों के दोनों ओर विकसित होने वाली हरित पट्टियां, आकर्षक पाथ-वे और सुंदरीकरण कार्य शहर की सुंदरता को नई पहचान देंगे।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे धमतरी की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास के कार्य सुनियोजित ढंग से किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यातायात का दबाव कम होगा, आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा तथा शहर को आधुनिक स्वरूप प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों में पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र विस्तार, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को समान प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम के बाद महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धमतरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर बड़ी रेल लाइन परियोजना के तहत बिछाई गई रेल पटरी एवं निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और आगामी 15 अगस्त तक बड़ी रेल लाइन पर यात्री सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

जिले में सड़क एवं परिवहन अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य जारी है। फोरलेन सड़क निर्माण, रेलवे विस्तार, शहरी सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, जल निकासी व्यवस्था, हरित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से धमतरी आने वाले समय में प्रदेश के विकसित और आधुनिक नगरों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा। ये विकास कार्य न केवल शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगे, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा