home page

हटकेशर वार्ड के चापड़ा कालोनी में पानी को लेकर हाहाकार

 | 
हटकेशर वार्ड के चापड़ा कालोनी में पानी को लेकर हाहाकार


हटकेशर वार्ड के चापड़ा कालोनी में पानी को लेकर हाहाकार


-वार्डवासियों ने पोस्टर लगाकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रवेश पर दी चेतावनी

धमतरी, 16 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच नगर निगम क्षेत्र के हटकेश्वर वार्ड क्रमांक एक स्थित चापड़ा कालोनी में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पिछले कई दिनों से अनियमित जल आपूर्ति और कम प्रेशर की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि वार्डवासियों ने इलाके में पोस्टर चस्पा कर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रवेश पर चेतावनी तक दे दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले 10 दिनों से कालोनी में पानी की सप्लाई पूरी तरह चरमराई हुई है। सुबह से देर शाम तक लोग पानी के लिए बर्तन लेकर लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा, जबकि कुछ स्थानों पर बेहद कम प्रेशर के कारण पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। भीषण गर्मी में पानी की इस किल्लत ने लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त कर दी है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ परिवार मजबूरी में नाले के पास लगे नल से पानी उपयोग करने को विवश हैं। लोगों का कहना है कि दूषित पानी के इस्तेमाल से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है और छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी प्रभावित हो रहे हैं। पानी संकट से नाराज वार्डवासियों ने इलाके में पोस्टर लगाकर साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो किसी भी जनप्रतिनिधि या अधिकारी को वार्ड में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वार्ड की प्रमिला बाई, जामुन बाई, ईश्वरी बाई साहू ने बताया कि लोग कई दिनों से गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। पानी भरने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन शिकायतों के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा। वहीं सुशीला देवांगन ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वार्डवासियों का कहना है कि यह केवल पानी की कमी का मामला नहीं रह गया है, बल्कि अब यह स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है। दूषित पानी के कारण बीमारी फैलने की आशंका लगातार बनी हुई है। वार्ड की महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। इधर नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि पाइपलाइन में कचरा फंसने की शिकायत मिली थी। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर पाइपलाइन खोलकर सफाई का काम किया जा रहा है। निगम द्वारा जल्द व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है: अखिलेश सोनकर

जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने शनिवार काेबताया कि लो वोल्टेज के कारण कई मोटर पंप खराब हो गए थे, जिससे पानी सप्लाई प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि निगम की टीम लगातार सुधार कार्य में जुटी हुई है और जिन क्षेत्रों में ज्यादा परेशानी है वहां टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ स्थानों पर नाले के ऊपर से गुजर रही पाइपलाइन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि दूषित पानी मिलने की आशंका खत्म हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा