धमतरी शहर में लगे वाटर एटीएम और पानी घर बने शोपीस, गर्मी में बढ़ी परेशानी
धमतरी, 02 अप्रैल (हि.स.)। तेज गर्मी के बीच धमतरी शहरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर एटीएम और पानी घर खुद ही प्यासे नजर आ रहे हैं। शहर के छह प्रमुख स्थानों पर आम लोगों और यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इनका निर्माण किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में आधे से अधिक वाटर एटीएम और पानी घर बंद पड़े हैं। इससे लोगों को काफी परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक होती है। ऐसे में हर एक-दो घंटे में लोगों को प्यास लगना स्वाभाविक है, लेकिन जब सार्वजनिक स्थानों पर लगी सुविधाएं ही ठप हो जाएं, तो मुश्किलें -बढ़ना तय है। नया बस स्टैंड, जिला अस्पताल और विंध्यवासिनी मंदिर जैसे भीड़ वाले इलाकों में वाटर एटीएम लगाए गए हैं। सुचारू संचालन नहीं होने से यात्रियों और मरीजों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। नगर निगम द्वारा आमातालाब रोड, डा शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास स्थित खेल मैदान और इतवारी बाजार क्षेत्र में भी पानी घर बनाए गए थे। इनमें से इतवारी बाजार स्थित पानी घर से बेहद धीमी गति से पानी निकल रहा है, जबकि अन्य दो स्थानों पर ताले लटके हुए हैं। हैं। स्थिति यह है कि लाखों की लागत से बनी ये सुविधाएं अब केवल शोपीस बनकर रह गई हैं।
स्थानीय नागरिक योगेश देवांगन, पंकज साहू, देवकरण साहू और जगत राम साहू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर निगम को प्राथमिकता के आधार पर इन बंद पड़ी सुविधाओं को चालू कराना चाहिए। उनका कहना है कि जब सबसे ज्यादा जरूरत है, उसी समय इनका बंद रहना लापरवाही को दर्शाता है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने आश्वासन दिया है कि बंद पड़े पानी घर और वाटर एटीएम को जल्द ही चालू कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

