अप्रैल से धमतरी को मिलेगा भरपूर पानी, 35 करोड़ का अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तैयार
धमतरी, 22 मार्च (हि.स.)। पेयजल संकट से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से दानीटोला वार्ड में निर्मित अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का शुभारंभ आगामी अप्रैल माह में होने जा रहा है। इसके शुरू होते ही शहर में पानी की आपूर्ति न सिर्फ तेज होगी, बल्कि हर वार्ड में स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
महापौर रामू रोहरा ने रविवार सुबह प्लांट स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह परियोजना धमतरी शहर के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके शुरू होने से वर्षों पुरानी पानी की समस्या से निजात मिलेगी और नागरिकों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्देश्य हर घर तक गुणवत्ता युक्त पानी पहुंचाना है, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि प्लांट में आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है, जिससे पानी को उच्च स्तर पर शुद्ध कर सप्लाई किया जाएगा। इससे जलजनित बीमारियों में कमी आने की भी संभावना है।
निरीक्षण के दौरान प्लांट के इंजीनियर ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अंतिम चरण की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। परीक्षण प्रक्रिया पूरी होते ही प्लांट को विधिवत शुरू कर दिया जाएगा।
नगर निगम द्वारा शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में यह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में धमतरी को पेयजल संकट से पूरी तरह मुक्त करने में अहम भूमिका निभाएगा।
इस दौरान जल विभाग प्रभारी अखिलेश सोनकर, अज्जू देशलहरे, संतोष सोनकर, हेमंत बंजारे, संजय देवांगन, कुलेश सोनी, गजेंद कवर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

