home page

बलरामपुर : जिलेभर में बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा

 | 
बलरामपुर : जिलेभर में बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा


बलरामपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिले के शासकीय और निजी विद्यालयों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज सोमवार को स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाई गई।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में अभियान चलाया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर और स्वामी आत्मानंद शासकीय माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद बलरामपुर के उपाध्यक्ष दिलीप सोनी और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कुल 374 छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई।

इस दौरान विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं और इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें कृमिनाशक दवा के महत्व के साथ संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को संक्रमण से सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा पात्र बच्चों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कृमिनाशक दवा का सेवन कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करना, नाखूनों को साफ और छोटे रखना तथा व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता का ध्यान रखना जरूरी है। इन आदतों को दैनिक जीवन में अपनाकर संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में जिला स्वास्थ्य समिति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय