home page

गंगरेल बांध के छोर पर स्थित गांधी मंदिर में सुविधाओं का अभाव, श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

 | 
गंगरेल बांध के छोर पर स्थित गांधी मंदिर में सुविधाओं का अभाव, श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी


धमतरी, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के ग्राम छटीयारा स्थित गंगरेल बांध के अंतिम छोर पर जंगलों के बीच स्थित गांधी मंदिर, प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां की व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे।

वर्ष 1910 से संचालित यह मंदिर अब धीरे-धीरे दर्शनीय एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन एवं भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, मंदिर परिसर में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी के चलते यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रमुख रूप से शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से महिलाओं और परिवार के साथ आने वाले लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, विश्राम स्थल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था का भी अभाव है। रात्रि के समय बिजली और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण यहां रुकने वाले लोगों में जंगली जानवरों का भय बना रहता है, जिससे सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। मंदिर समिति और क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में शौचालय, पानी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यहां आने वाले लोगों को राहत मिल सके और यह स्थल एक बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सके। क्षेत्रीय जनता और मंदिर समिति ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा और सुरक्षा दोनों मिल सके। मांग करने वालों में बल्ला देवांगन, किशन राम साहू, धनीराम , शिवराम साहू सहित अन्य शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा