देवगई में 20 हेक्टेयर वन भूमि से हटाया गया अतिक्रमण, सीमा पर कराई गई सीपीटी खुदाई
बलरामपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। जिले में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए भितियाही बीट के अंतर्गत ग्राम देवगई में करीब 20 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। वन मंडलाधिकारी आलोक वाजपेई और रामानुजगंज रेंजर डॉ. दिलरुबा ए. बानो के निर्देश पर वन विभाग के स्टाफ और वन सुरक्षा श्रमिकों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान वन कक्ष क्रमांक P3408 में अतिक्रमित वन भूमि को मुक्त कराने के साथ ही दोबारा अतिक्रमण की आशंका को रोकने के लिए अतिक्रमण मुक्त कराए गए क्षेत्र की सीमा पर जेसीबी मशीन से सीपीटी (कंटूर ट्रेंच) की खुदाई कराई गई। इसके माध्यम से वन भूमि की सीमा को स्पष्ट करने और भविष्य में अवैध कब्जे की कोशिशों पर रोक लगाने का प्रयास किया गया।
इस दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को वन भूमि के महत्व और उसके संरक्षण के बारे में समझाइश दी। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें और जंगल को सुरक्षित रखने में विभाग का सहयोग करें।
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण करना नियमों के विरुद्ध है। जंगल और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए ऐसी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

