home page

कुरूद नगरपालिका की सामान्य सभा में 3.25 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

 | 
कुरूद नगरपालिका की सामान्य सभा में 3.25 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी


धमतरी, 26 अगस्त (हि.स.)। नगर पालिका परिषद कुरूद की आठवीं सामान्य सभा की बैठक बुधवार को सभाकक्ष में अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 11 एजेंडों पर चर्चा की गई। परिषद ने बिजली कार्यों के लिए एक करोड़ 25 लाख रुपये तथा नए बाजार कुरूद के उन्नयन और सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये सहित कुल 3 करोड़ 25 लाख रुपये के विकास कार्यों की निविदाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी दी।

बैठक में नगर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े छोटे-बड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा शासन की विभिन्न निधियों से आवश्यक कार्य कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्णय लिया गया। नए बाजार को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए अतिक्रमण तथा कबाड़ व्यवसाय के कारण उत्पन्न यातायात समस्या को देखते हुए नगर सीमा से बाहर कबाड़ियों के व्यवसाय के लिए स्थान चिन्हांकित करने पर भी सहमति बनी। भूमि संबंधी तीन एजेंडों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सहमति नहीं बन सकी।

सत्ता पक्ष ने शासकीय प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ने पर सहमति जताई, जबकि विपक्षी पार्षदों ने प्रक्रिया की जांच की मांग रखी। परिषद की बैठक राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई। बिजली व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए दो टीमों के गठन का निर्णय लिया गया। बैठक के समापन पर पार्षद रवि मानिकपुरी की पत्नी स्वर्गीय कुलेश्वरी मानिकपुरी और सीएमओ गुप्ता के भाई स्वर्गीय विकेश गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, नेता प्रतिपक्ष डूमेश साहू, सभापति मिथलेश बैस, सितेश सिन्हा, महेंद्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव सहित पार्षद, एल्डरमेन, नगरपालिका के इंजीनियर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा