कमार समुदाय के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, धमतरी में बनेंगे व्यवसायिक परिसर
धमतरी में बनेंगे व्यवसायिक परिसर, बोरई बनेगा अंतर्राज्यीय व्यापार और परिवहन का केंद्र
धमतरी, 25 जुलाई (हि.स.)। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के समग्र विकास के लिए संचालित योजनाओं को धमतरी जिले में प्रभावी ढंग से लागू करते हुए जिला प्रशासन कमार समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने, आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
इसी क्रम में बेलरगांव, कसपुर, बोरई, कुकरेल, सिंगपुर, दुगली और केरेगांव में आधुनिक व्यवसायिक परिसरों का निर्माण कराया जाएगा, जहां कमार समुदाय के हितग्राही अपनी आवश्यकता और रुचि के अनुसार दुकानें संचालित कर स्वरोजगार स्थापित कर सकेंगे। प्रधानमंत्री जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते धमतरी जिले को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। शिक्षा के क्षेत्र में कमार विद्यालय को उच्चीकृत कर कक्षा 10वीं से 12वीं तक संचालित करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे जनजातीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च माध्यमिक शिक्षा मिल सकेगी।
जिले के औद्योगिक और व्यापारिक विकास को गति देने के लिए बोरई में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है तथा स्थल चयन भी किया जा चुका है। छत्तीसगढ़, ओडिशा और कांकेर को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण केंद्र के विकसित होने से परिवहन, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं और जनजातीय हितग्राहियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कमार समुदाय को स्थायी आजीविका, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि व्यवसायिक परिसर, कमार विद्यालय का उच्चीकरण और बोरई को परिवहन एवं व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं तथा जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। नगरी विकासखंड के मसानडबरा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत कमार समुदाय के लिए देश की दूसरी और छत्तीसगढ़ की पहली पीएम जनमन आवास कॉलोनी विकसित की जा रही है, जहां परंपरा और संस्कृति को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के साथ पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आवासों को रोशन किया जाएगा। जिले में 1481 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 1046 पूर्ण और 435 निर्माणाधीन हैं। अगले चार माह में सभी आवास पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत 36 सड़कों के निर्माण के लिए 1341.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनका अधिकांश कार्य प्रगति पर है।
सभी घरों में जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छ पेयजल और विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। नगरी ब्लॉक के बोईरगांव में बहुउद्देश्यीय केंद्र शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आजीविका गतिविधियों का केंद्र बन रहा है। बाजार कुर्रीडीह में 50 सीटर बालक छात्रावास का निर्माण जनवरी तक पूरा होने की संभावना है। ग्राम पिपरहीभर्री में एकीकृत ग्राम योजना एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत संसाधन प्रबंधन और आजीविका कार्ययोजनाओं का दस्तावेजीकरण किया गया है। जिले की 133 बसाहटों में त्वरित गतिविधियों की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करते हुए पीएम जनमन योजना का लाभ प्रत्येक कमार परिवार तक पहुंचाया गया है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में विकास, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई तस्वीर उभर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

