home page

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

 | 
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : उप मुख्यमंत्री अरुण साव


विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : उप मुख्यमंत्री अरुण साव


-एनआईटी रायपुर में यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस का समापन

रायपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत का सपना आज की युवा पीढ़ी के लिए है और आने वाले समय में युवा ही इसका नेतृत्व करेंगे। देश को युवाओं की प्रतिभा, ज्ञान और सामर्थ्य से बड़ी उम्मीदें हैं। इंजीनियरिंग एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को अपने ज्ञान, अध्ययन और नवाचार का उपयोग केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए समाज और राष्ट्रहित में करना चाहिए।

अरुण साव बुधवार को रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में आयोजित दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी योग्यता और क्षमता के बल पर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा परियोजना प्रदर्शनी और हैकाथॉन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रायपुर और भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी के संयुक्त आयोजन में दो दिवसीय कॉनक्लेव के दौरान तकनीकी शिक्षा, शोध और नवाचार से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। देश में युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं। युवा अपनी योग्यता, ज्ञान और क्षमता के बल पर न केवल स्वयं आगे बढ़ सकते हैं, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान भी दिला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण आज की युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए किया जा रहा है। हमारी पीढ़ी के लोग उस समय तक रहें या न रहें, लेकिन जब भारत दुनिया में अपने मान-सम्मान और गौरव के साथ खड़ा होगा, तब उसका नेतृत्व आज के युवा ही कर रहे होंगे। इसलिए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को अभी से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

साव ने विश्वास जताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों के बीच विकसित भारत के निर्माण में तकनीक, शोध और नवाचार की भूमिका को लेकर व्यापक विचार-विमर्श हुआ होगा। सम्मेलन से प्राप्त विचार और अनुभव भविष्य में समाज तथा राष्ट्र के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।

समापन सत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश, जवाहरलाल नेहरू एल्यूमिनियम रिसर्च, डेवलपमेंट एंड डिजाइन सेंटर के निदेशक डॉ. रोहित कुमार गुप्ता तथा एनआईटी रायपुर के प्राध्यापक प्रो. समीर वाजपेयी, प्रो. अर्चना शर्मा, डॉ. एस. सान्याल और डॉ. संजीव कुमार सहित अन्य शिक्षाविद उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल