उप मुख्यमंत्री अरुण साव कोरबा जिले को देंगे 73 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
कोरबा, 21 जुलाई (हि. स.)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव 23 जुलाई को कोरबा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को लगभग 73 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम में 36 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के दौरे के दौरान जिले में सड़क, पुल, पेयजल, नाली निर्माण, गौरव पथ, ओवरहेड टैंक और मल्टीलेवल पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत और लोकार्पण होगा। इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
भूमिपूजन होने वाले प्रमुख कार्यों में दर्री बराज-कोहड़िया मार्ग के बेलगरी नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग, कुदमुरा-श्यांग मार्ग के गुरमा नाला पर उच्चस्तरीय पुल, लेमरू-श्यांग मार्ग के लमटी नाला पर उच्चस्तरीय पुल, नगर निगम क्षेत्र में आजीविका संवर्धन के लिए दुकान निर्माण, सीएसईबी चौक से जैन चौक, आईटीआई चौक होते हुए कोसाबाड़ी चौक तक गौरव पथ निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 31 में विभिन्न स्थानों पर नाली एवं कलवर्ट निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड 25, 49 और 52 में 1500 केएल क्षमता वाले ओवरहेड टैंक, पाइपलाइन, बाउंड्रीवाल और स्विच रूम निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया जाएगा।
लोकार्पण होने वाले कार्यों में पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पतुरियाडांड में करहिया नाला पर स्लैब कलवर्ट, रामपुर एवं पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्रों की जल जीवन मिशन की एकल ग्राम योजनाएं, तुमान-पुटूवा मार्ग के अहिरन नदी पर उच्चस्तरीय पुल, सिरली गांड़ा घाट एवं झांझ गांड़ा घाट मार्गों पर पितनी नदी के पुल शामिल हैं। इसके साथ ही नहर रोड, कोरबा स्थित लगभग 17.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिससे शहर की पार्किंग व्यवस्था को नई सुविधा मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव का यह दौरा कोरबा जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से सड़क, पेयजल, यातायात और शहरी सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा तथा जिले के हजारों नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

