home page

गांधी मंदिर सटियारा में शौचालय एवं निर्मल घाट निर्माण की मांग

 | 
गांधी मंदिर सटियारा में शौचालय एवं निर्मल घाट निर्माण की मांग


धमतरी, 28 अप्रैल (हि.स.)। गंगरेल बांध के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम सटियारा के ऐतिहासिक गांधी मंदिर में शौचालय एवं निर्मल घाट जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर महिला दर्शनार्थियों को स्वच्छता एवं सुविधा के अभाव में असुविधा झेलनी पड़ रही है।

इस समस्या को लेकर मंगलवार को मंदिर समिति के सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए आवश्यक सुविधाओं के निर्माण की मांग की है।

गांधी मंदिर समिति सटियारा के बबला देवांगन, रोशन साहू, कामता एवं खिलावन ने बताया कि यह मंदिर लगभग वर्ष 1910 से संचालित है। घने जंगलों एवं जलाशय के बीच स्थित होने के कारण यह एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा है यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन एवं भ्रमण के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में शौचालय एवं निर्मल घाट की व्यवस्था न होने से स्वच्छता की स्थिति प्रभावित हो रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति ने प्रशासन से शीघ्र इन सुविधाओं के निर्माण की मांग करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा