home page

जिले के बांधों में रोजगार की मांग, डूबान के बेरोजगार युवा महापौर से मिले

 | 
जिले के बांधों में रोजगार की मांग, डूबान के बेरोजगार युवा महापौर से मिले


धमतरी , 04 मई (हि.स.)। डूबान प्रभावित परिवारों के बेरोजगार युवक-युवतियों को जिले के बांधों

में रिक्त चतुर्थ श्रेणी के पदों पर रोजगार देने की मांग को लेकर डूबान

संघर्ष समिति युवा बेरोजगार संघ के पदाधिकारी सोमवार को नगर निगम कार्यालय

पहुंचे लेकिन महापौर की अनुपस्थिति के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।

संघ ने चेतावनी दी है कि 15 दिन के भीतर मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन

कर धमतरी बंद किया जाएगा।

डूबान संघर्ष समिति युवा बेरोजगार संघ के

पदाधिकारी एवं सदस्य नगर निगम धमतरी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने अपनी

मांगों को लेकर महापौर रामू रोहरा को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया। समिति

के जिलाध्यक्ष कुंवर सिंह ध्रुव, उपाध्यक्ष ललित पटेल, कोषाध्यक्ष विनीता

ध्रुव एवं सचिव सरस्वती साहू ने बताया कि जिले में पांच बड़े गंगरेल,

दुधावा, सोंढूर, माडमसिल्ली और न्यू बैराज रुद्री स्थित है। इन बांधों,

मुख्य नहरों, उपनहरों एवं गार्डनों के संचालन व रखरखाव के लिए अमले की भारी

कमी है। वर्तमान में कार्यरत कर्मचारी धीरे-धीरे सेवानिवृत्त हो रहे हैं

जिससे भविष्य में इन महत्वपूर्ण संरचनाओं की देखरेख प्रभावित होने की

संभावना है। कई गार्डन पहले से ही उपेक्षा का शिकार हो चुके हैं और उचित

रखरखाव के अभाव में उनकी स्थिति और खराब होती जा रही है। यह सभी बांध और

नहरें धमतरी जिले की महत्वपूर्ण धरोहर हैं इनके संरक्षण के लिए तत्काल

स्थायी अमले की आवश्यकता है। जल संसाधन विभाग के सचिव द्वारा बताया गया है

कि स्थानीय भर्ती के लिए कोई स्पष्ट नीति नियम अभी लागू नहीं है। संघ की

मांग है कि स्थानीय रोजगार नीति बनाकर चतुर्थ श्रेणी एवं श्रमिक पदों पर

क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। संघ

पदाधिकारियों ने बताया कि मई 2025 में डूबान प्रभावित परिवारों के

बेरोजगारों को रोजगार देने की मांग को लेकर गांधी मैदान में अनिश्चितकालीन

धरना दिया गया था। उस दौरान महापौर रामू रोहरा ने धरना स्थल पहुंचकर मांग

पूरी कराने का आश्वासन दिया था और जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात

भी कराई गई थी। इसके बावजूद आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास जल संसाधन विभाग की

जिम्मेदारी है ऐसे में पुनः पहल की मांग की जा रही है। संघ ने चेतावनी दी

है कि 15 दिनों के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन करते हुए धमतरी

बंद किया जाएगा। साथ ही गंगरेल बांध से भिलाई स्टील प्लांट और अन्य जिलों

को पानी की आपूर्ति बाधित करने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा