home page

ठेकेदारों को शीघ्र राहत मिले, तभी रफ्तार पकड़ेंगे विकास कार्य : विजय मोटवानी

 | 
ठेकेदारों को शीघ्र राहत मिले, तभी रफ्तार पकड़ेंगे विकास कार्य : विजय मोटवानी


धमतरी, 24 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम के लंबित विकास कार्यों को गति देने की मांग को लेकर ठेकेदारों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष विजय मोटवानी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने लंबित भुगतान, रॉयल्टी, अमानत राशि और सिक्योरिटी डिपॉजिट से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।

इस पर विजय मोटवानी ने नव नियुक्त निगम आयुक्त आशीष वर्मा से चर्चा कर ठेकेदारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि, शहर के विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में ठेकेदार महत्वपूर्ण भागीदार हैं और नियमानुसार प्रक्रियाएं पूरी करने वाले ठेकेदारों को लंबित भुगतान एवं अन्य देय राशि का अविलंब भुगतान किया जाना चाहिए। ठेकेदारों ने भी आश्वस्त किया कि आवश्यक सहयोग मिलने पर शहर के सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। बैठक में भवन अनुज्ञा शाखा अध्यक्ष नरेंद्र रोहरा, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष निलेश सोनकर, निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ठेकेदार उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा