बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार, गिनती के दौरान हुआ खुलासा, मचा हड़कंप
काेरबा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर अपचारी बालक के फरार होने का मामला सामने आया है। अपचारी बालक आज शनिवार सुबह जवानों का ध्यान भटकते ही चैनल गेट खोलकर भाग निकला, जिससे हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पोंडीबहार के बालक को चोरी के मामले में 27 सितंबर को बाल संप्रेक्षण गृह से दाखिल कराया गया था। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलते ही जवान काम में व्यस्त हो गए। इसी का फ़ायदा उठाते हुए बालक चैनल गेट खोलकर फरार हो गया।
गिनती के दौरान बालक के भागने का पता चला, जिसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस ने पतासाजी शुरू की। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घर और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक के भागने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार बालक भाग चुके हैं, फिर भी सुरक्षा व्यवस्था लचर बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

