home page

बैगा बच्चों की मौत पर दीपक बैज ने सरकार को घेरा, किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान की मांग

 | 
बैगा बच्चों की मौत पर दीपक बैज ने सरकार को घेरा, किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान की मांग


रायपुर, 28 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज बुधवार को कवर्धा जिले के रेंगाखार वनांचल क्षेत्र में कुपोषण और एनीमिया से बैगा जनजाति के पांच बच्चों की मौत को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने प्रभावित परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और गांव में कुपोषण पुनर्वास केंद्र खोलने की मांग की।

बैज ने धान खरीद में किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान तथा अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।

पत्रकार वार्ता में बैज ने बताया कि, उन्होंने आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव और स्थानीय नेताओं के साथ रेंगाखार के नंदनी कुमान गांव तथा बोडला उप स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। उनके अनुसार, कुपोषण और एनीमिया से प्रभावित 13 बच्चे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं, जबकि 10 से अधिक बच्चे गांव में ही हैं। उन्होंने क्षेत्र में दूषित पेयजल, मलेरिया, डायरिया और टीकाकरण की स्थिति पर भी चिंता जताई।

बैज ने आरोप लगाया कि, पिछले वर्ष भी क्षेत्र में मलेरिया और डायरिया से मौतें हुई थीं, लेकिन प्रभावी रोकथाम के उपाय नहीं किए गए। उन्होंने प्रभावित बच्चों के उपचार और देखभाल के लिए गांव में ही पुनर्वास केंद्र स्थापित करने की मांग की।

धान खरीद पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, भाजपा ने किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदने का वादा किया था। उन्होंने मांग की कि बढ़े हुए समर्थन मूल्य को शामिल कर किसानों को 3358 रुपये प्रति क्विंटल का एकमुश्त भुगतान किया जाए। साथ ही, जबरिया रकबा समर्पण और फर्जी गिरदावरी के आधार पर खरीदी सीमा घटाने पर रोक लगाने की मांग की।

बैज ने दीपावली से पहले किसानों को अग्रिम भुगतान तथा पिछले बकाये के भुगतान की भी मांग की।

दिल्ली रैली में शामिल होंगे कांग्रेसी

बैज ने बताया कि, एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करने, काटे गए वोट बहाल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर