home page

कोरबा : तालाब में तैरता मिला शव, पास में लावारिस मोटरसाइकिल मिलने से मचा हड़कंप

 | 
कोरबा : तालाब में तैरता मिला शव, पास में लावारिस मोटरसाइकिल मिलने से मचा हड़कंप


कोरबा, 08 सितम्बर (हि. स.)। जिले के पाली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मुख्य मार्ग के किनारे स्थित नवकन्या तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव से दुर्गंध आने के कारण पुलिस ने शव के करीब 2 से 3 दिन पुराना होने की आशंका जताई है। घटनास्थल के पास ही एक मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में मिली है, जिसके मृतक की होने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह राहगीरों की नजर नवकन्या तालाब में तैर रहे शव पर पड़ी। तालाब में शव दिखाई देने की सूचना आसपास के लोगों तक पहुंची तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद तत्काल पाली थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर जांच कार्रवाई प्रारंभ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की स्थिति को देखते हुए उसके दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है।

जांच के दौरान घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में मिली। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोटरसाइकिल का संबंध तालाब में मिले मृतक से है या नहीं। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी मृतक की जानकारी प्रसारित की जा रही है। इसके अलावा जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में सूचना भेजकर गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।

फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी