नशामुक्ति का संदेश लेकर नेपाल पहुंचे तुलसीराम साहू, साइकिल यात्रा बनी प्रेरणा
धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। दृढ़ संकल्प और सामाजिक चेतना का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए ग्राम चर्रा (कुरुद) के 35 वर्षीय युवा तुलसीराम साहू नशामुक्त समाज का संदेश लेकर साइकिल से नेपाल पहुंच गए हैं। उनकी यह प्रेरणादायक यात्रा युवाओं को जागरूक करने का सशक्त माध्यम बन रही है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की प्रेरणा और समाज कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में तुलसीराम साहू 27 मार्च को नेपाल स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास डेरा के लिए रवाना हुए थे। लगभग 20 दिनों की लगातार यात्रा के बाद उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।उनकी यात्रा को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। तुलसीराम के इस प्रयास की जिलेभर में सराहना हो रही है।
तुलसीराम साहू इससे पहले भी कई सामाजिक अभियानों से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने नारी सम्मान के लिए दल्लीराजहरा से दिल्ली तक साइकिल यात्रा की थी। वहीं 2024 में धमतरी से अयोध्या तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया और 2025 में पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान व हरियाणा जैसे राज्यों में भ्रमण कर जागरूकता अभियान चलाया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि नशामुक्ति के लिए ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की।तुलसीराम साहू की यह यात्रा न केवल साहस और समर्पण की मिसाल है, बल्कि समाज को जागरूक करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

