home page

घड़ी चौक में पसरा लगाने को लेकर रोजाना विवाद, एक व्यक्ति के दो-तीन दुकान लगाने पर उठे सवाल

 | 
घड़ी चौक में पसरा लगाने को लेकर रोजाना विवाद, एक व्यक्ति के दो-तीन दुकान लगाने पर उठे सवाल


प्रभावित विक्रेताओं ने की जांच कर एक व्यक्ति को एक ही पसरा देने की मांग, निगम ने व्यवस्था सुधारने का दिया भरोसा

धमतरी, 02 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व नजदीक आते ही शहर के प्रमुख बाजारों में अस्थायी दुकानों और पसरा लगाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के हृदय स्थल घड़ी चौक में भी दीपावली सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं, लेकिन यहां पसरा लगाने की जगह को लेकर रोजाना विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। कुछ विक्रेताओं ने एक युवक पर दबंगई करते हुए दो से तीन अलग-अलग स्थानों पर पसरा लगाकर दुकान संचालित करने का आरोप लगाया है। इससे वर्षों से यहां दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले छोटे व्यापारियों के सामने जगह की समस्या खड़ी हो गई है।

प्रभावित विक्रेताओं ने नगर निगम से मामले की निष्पक्ष जांच कर एक व्यक्ति को केवल एक ही अस्थायी दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की है। गौरतलब है कि रोशनी का पर्व दीपावली 8 नवंबर को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। खासकर घड़ी चौक में हर साल की तरह इस बार भी दीपावली सामग्री बेचने के लिए अस्थायी पसरे लगने शुरू हो गए हैं। यहां मिट्टी के दीये, ग्वालिन, कलश, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और पूजा-पाठ से जुड़ी अन्य सामग्री की बिक्री होती है।

सावित्री बाई, ममता और पुष्पाबाई सहित अन्य महिला विक्रेताओं ने बताया कि वे कई वर्षों से दीपावली के अवसर पर घड़ी चौक में पसरा लगाकर कारोबार करती आ रही हैं। सालभर उन्हें इस पर्व का इंतजार रहता है, क्योंकि दीपावली के दौरान होने वाली बिक्री से ही उनके परिवार की आजीविका चलती है। उनका कहना है कि इस बार कुम्हारपारा के एक युवक द्वारा कथित रूप से दो से तीन अलग-अलग जगहों पर दुकान लगा ली गई है। इससे अन्य छोटे विक्रेताओं को पसरा लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। उनका आरोप है कि इस संबंध में विरोध करने पर विवाद की स्थिति बनती है। ऐसे में रोजाना होने वाले विवाद से छोटे व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई है।

विक्रेताओं ने आशंका जताई है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में विवाद और बढ़ सकता है। इस संबंध में नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि घड़ी चौक के पास पर्व विशेष पर कुछ लोगों को अस्थायी पसरा लगाकर दुकान लगाने की व्यवस्था दी जाती है। यदि पसरा लगाने को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है तो इसकी जांच कराई जाएगी। व्यवस्था के तहत एक व्यक्ति को एक ही अस्थायी पसरा देने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो संबंधित विक्रेताओं के लिए दूसरे स्थान पर व्यवस्थापन की व्यवस्था की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा