home page

आरगाही में छात्राओं को मिली साइकिल, पढ़ाई के सफर को मिलेगी रफ्तार

 | 
आरगाही में छात्राओं को मिली साइकिल, पढ़ाई के सफर को मिलेगी रफ्तार


सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को किया गया साइकिल वितरण

बलरामपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरगाही में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आज गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय तक आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा से जोड़े रखना है। विशेषकर दूर-दराज से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए साइकिल आवागमन का साधन बनने के साथ नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रोत्साहन भी देगी।

जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बेटियों के आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की मजबूत आधारशिला है। छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में आने वाली परिवहन संबंधी कठिनाइयों को कम करने में सरस्वती साइकिल योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

साइकिल मिलने से छात्राओं को अब विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। योजना के माध्यम से बेटियों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने और उन्हें स्कूल से जोड़कर रखने के प्रयासों को भी मजबूती मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय