home page

गंगरेल बांध में साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का रोमांच, महाराष्ट्र, रायपुर, राजनांदगांव और धमतरी के प्रतिभागियों ने जीते खिताब

 | 
गंगरेल बांध में साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का रोमांच, महाराष्ट्र, रायपुर, राजनांदगांव और धमतरी के प्रतिभागियों ने जीते खिताब


गंगरेल बांध में साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का रोमांच, महाराष्ट्र, रायपुर, राजनांदगांव और धमतरी के प्रतिभागियों ने जीते खिताब


गंगरेल बांध में साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का रोमांच, महाराष्ट्र, रायपुर, राजनांदगांव और धमतरी के प्रतिभागियों ने जीते खिताब


गंगरेल बांध में साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का रोमांच, महाराष्ट्र, रायपुर, राजनांदगांव और धमतरी के प्रतिभागियों ने जीते खिताब


धमतरी, 14 (हि. स.)। युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जय माँ कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति, धमतरी के तत्वावधान में रविवार को गंगरेल बांध में भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिले में पहली बार आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सुबह 6:30 बजे शुरू हुई प्रतियोगिता का मार्ग गंगरेल बांध से कोटाभर्ती, मुड़पार, बरारी और रुद्री होते हुए पुनः गंगरेल तक निर्धारित किया गया था। लगभग 12 किलोमीटर लंबी इस रेस ने खिलाड़ियों के साहस, गति और धैर्य की कड़ी परीक्षा ली। छोटे बच्चों के लिए 2 किलोमीटर तथा बड़े वर्ग के लिए 12 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी। प्रतियोगिता में 5 से 10 वर्ष, 10 से 15 वर्ष तथा 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई थीं। पुरुष और महिला वर्ग की स्पर्धाएं भी पृथक रूप से आयोजित की गईं, जिससे सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। पुरस्कार वितरण समारोह में इंदर चोपड़ा, हेमलता शर्मा, उदयभान सिंह चौहान और जागेंद्र साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राकेश साहू, चंद्रशेखर बांदे, पीतांबर सिंह और संजय पवार ने अपनी भूमिका निभाई।

जिले के खेल इतिहास की यादगार उपलब्धि: खूबलाल ध्रुव

आयोजक खूबलाल ध्रुव ने कहा कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास की यादगार उपलब्धि साबित हुई है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देना था। विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया और धमतरी को खेल गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में पहचान दिलाई।

महाराष्ट्र के सिद्धेश पाटील ने प्राप्त किया प्रथम स्थान:

पुरुष गियर साइकिल वर्ग में महाराष्ट्र के सिद्धेश पाटील ने प्रथम स्थान हासिल किया। रेहान शेख (महाराष्ट्र) दूसरे और आयुष (हरियाणा) तीसरे स्थान पर रहे। वहीं नॉन-गियर वर्ग में नंदकिशोर (राजनांदगांव) ने पहला, साजन कुर्रे (रायपुर) ने दूसरा और राजेश सिंह (बालोद) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला गियर वर्ग में महाराष्ट्र की जीनत ने बाजी मारी, जबकि हरविंदर (हरियाणा) उपविजेता रहीं। नॉन-गियर वर्ग में गोमती साहू (रायपुर) प्रथम, किरण साहू (बालोद) द्वितीय तथा नम्रता नेताम (धमतरी) तृतीय स्थान पर रहीं।

10 से 15 वर्ष आयु वर्ग में वेद प्रकाश, डिगेश नेताम, वासु साहू, हेमंत साहू, तनिष्का खंडेलवाल और वनिका कावडे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं 5 से 10 वर्ष वर्ग में सोनम नेताम, गणिका तारक, खिलेंद्र सिन्हा, युवराज, लक्ष्य, रोहन विश्वकर्मा और काव्यांश विजेता रहे।

प्रतियोगिता में प्रथम से छठे स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरुष गियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय 25 हजार रुपये तथा तृतीय 15 हजार रुपये रखा गया था। बालिका वर्ग की विजेता को 10 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। अन्य आयु वर्गों के लिए भी आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा