बलरामपुर : एनएच 343 के लिए पेड़ों की कटाई हुई तेज, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य


बलरामपुर, 5 अप्रैल (हि.स.)। बलरामपुर जिले को अंबिकापुर से जोड़ने वाली एनएच 343 की निर्माण की प्रक्रिया में अब तेजी आ रही है। रामानुजगंज से बलरामपुर तीस किलोमीटर की सफर तय करने के लिए एक घंटा लग जाता है। सड़क की दुर्दशा से अब मोटरसाइकिल से चलना भी दूभर हो गया। बीते दिनों छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज बलरामपुर दौरे में आए थे। जिसमें अधिकारियों को एनएच नवनिर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए थे।
जिसके मद्देनजर वन विभाग के द्वारा पेड़ों की कटाई में तेजी आई है। जिससे स्थानीय लोगों को एक उम्मीद जागी है। लोगों का कहना है कि जितनी तेजी पेड़ कटाई में वन विभाग दिखाई है उतना ही तेजी से अगर सड़क निर्माण भी हो, तो जर्जर एनएच से लोगों को जल्द छुटकारा मिलेगा। एनएच में कई जगह एक-एक फीट के गढ्ढे बन गए है। जिससे दुर्घटना में कई लोगों ने जान गंवा दी है। इन गढ्ढों से वाहनों के भी नट-बोल्ट ढीले हो जाते है।
डीएफओ अशोक तिवारी ने शनिवार को बताया कि रेवेन्यू लैंड में अभी पेड़ की कटाई हो रही है। जिले के राजपुर रेंज, बलरामपुर रेंज और रामानुजगंज रेंज मिलाकर कुल 4552 पेड़ों की कटाई करनी है। सड़क निर्माण के मद्देनजर पेड़ों की कटाई तेजी से की जा रही है। संभवतः 15 अप्रैल तक सभी पेड़ों की कटाई कर ली जाएगी।
आगे उन्होंने बताया कि जो भी पेड़ कट रहे है। क्षतिपूर्ति के रूप में जांजगीर-चांपा जिले में एरिया मिला है। यहीं कटे हुए पेड़ों के बदले पेड़ लगाए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पाण्डेय