home page

सुशासन तिहार के समाधान शिविरों में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

 | 
सुशासन तिहार के समाधान शिविरों में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़


बेलरगांव और मेघा क्लस्टर में 1070 आवेदन प्राप्त, अधिकांश मांगों का मौके पर हुआ निराकरण

धमतरी, 13 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत जिले में आयोजित समाधान शिविरों में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कुरूद विकासखंड के बेलरगांव तथा मगरलोड विकासखंड के मेघा में बुधवार को आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविरों में लोगों ने अपनी मांग और शिकायतों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण कर राहत प्रदान की गई।

कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत बेलरगांव में आयोजित समाधान शिविर में 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में कुल 393 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी मांग संबंधी थे। इनमें से 384 मांगों का तत्काल निराकरण किया गया। बेलरगांव, भुरसीडोंगरी, हिर्रीडीह, गढ़डोंगरी, बरबांधा, घुरावंड, आमगांव, नवागांव, कसपुर, जैतपुरी और कड़टीगांव सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रवण मरकाम सहित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। शिविर का निरीक्षण प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण किट वितरित किए, वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड और टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए गए। समग्र शिक्षा समावेशी शिक्षा अंतर्गत जरूरतमंद हितग्राहियों को उपकरण किट भी वितरित किए गए। मगरलोड विकासखंड के ग्राम पंचायत मेघा में आयोजित समाधान शिविर में 18 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया। यहां कुल 677 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 667 मांग एवं 10 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। इनमें से 515 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

मेघा, अरौद, गिरौद, सौगा, हरदी, बेलौदी, खैरझिटी, सांकरा, कमरौद, परसवानी, भरदा, बेलरदोना, कोरगांव, परसाबुड़ा, दुधवारा, कुल्हाड़कोट, मड़ेली और बोड़रा सहित विभिन्न पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिविर में जनपद पंचायत मगरलोड के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याओं के निराकरण की जानकारी ली।

हितग्राहियों को मिला नया राशन कार्ड

समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश एवं सामग्री वितरित की गई। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा सात हितग्राहियों को नया राशन कार्ड प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग ने दो दिव्यांग हितग्राहियों को वाकर तथा तीन हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश दिए। इसके अलावा दो लोगों को मनरेगा जाब कार्ड और तीन लोगों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 60 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आठ हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए। शिविर में 10 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए, 5 लोगों के आधार अपडेट किए गए और तीन नए आधार कार्ड भी तैयार किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा