गैस सिलेंडर लेने उमड़ी भीड़, एजेंसियों में लगी लंबी कतारें
धमतरी, 16 मार्च (हि.स.)।शहर में रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए इन दिनों एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इंडेन गैस एजेंसी, बालाजी गैस एजेंसी और गैस गोदाम में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे कई स्थानों पर असामान्य भीड़ की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजराइल-ईरान के बीच चल रहे युद्ध की खबरों के बाद लोगों में गैस सिलेंडर की संभावित कमी को लेकर आशंका बढ़ गई है। इसी कारण कई उपभोक्ता एक साथ सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। इससे एजेंसियों में अचानक मांग बढ़ गई है और उपभोक्ताओं को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। एजेंसी के बाहर कतार में खड़े कई उपभोक्ताओं ने बताया कि समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने की स्थिति में घर की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो जाती है, इसलिए लोग पहले से ही सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं।
धमतरी के राहुल साहू ने कहा कि अगर समय पर गैस न मिले तो परिवार को काफी परेशानी होती है। इसी वजह से लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग रहे हैं। वहीं ग्राम भटगांव के मोहन साहू ने कहा कि सरकार को इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इंडेन गैस एजेंसी के संचालक मोहन अग्रवाल ने बताया कि गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से घबराकर एक साथ सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे एजेंसी में भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एजेंसी द्वारा तय नियमों और लिमिट के अनुसार ही उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित किया जा रहा है।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की कोशिश न करें। गैस एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर मिलते रहेंगे। प्रशासन और एजेंसी ने नागरिकों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

