home page

कलेक्टर जनदर्शन में उमड़ी भीड़, अव्यवस्था से बेहाल रहे आवेदक

 | 
कलेक्टर जनदर्शन में उमड़ी भीड़, अव्यवस्था से बेहाल रहे आवेदक


धमतरी, 30 जून (हि.स.)। चार दिनों के शासकीय अवकाश के बाद मंगलवार को कार्यालय खुलते ही कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनदर्शन में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों आवेदकों में अधिकांश प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन लेकर आए थे। बढ़ी हुईं भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने आवेदन लेने के लिए अलग से अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की, लेकिन व्यवस्था भीड़ के दबाव के आगे नाकाफी साबित हुई।

एक ही टेबल पर महिला और पुरुष आवेदकों से आवेदन लिए जाने के कारण लंबी कतारें लग गईं और परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उमस और चिपचिपी गर्मी के बीच लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे, जबकि परिसर में लगे पंखे भी पर्याप्त राहत नहीं दे सके। कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर और बाहर मेले जैसा दृश्य नजर आया तथा कई लोग सही काउंटर और प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में इधर-उधर भटकते रहे।

आवेदकों ने जनदर्शन की पुरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बताते हुए कहा कि पहले कलेक्टर स्वयं लोगों से आवेदन लेकर तत्काल संज्ञान लेते थे, जिससे समस्याओं के समाधान की उम्मीद भी बढ़ती थी। वर्तमान में केवल आवेदन जमा करने की प्रक्रिया तक सीमित व्यवस्था से दूर-दराज से आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने लंबी कतार में खड़े होकर अपने आवेदन जमा किए।

इसी दौरान कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने साप्ताहिक टीएल बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उल्लेखनीय है कि लगातार चार दिनों के अवकाश के कारण सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद रहे, जिसके चलते बड़ी संख्या में लंबित आवेदनों के साथ लोग मंगलवार को जनदर्शन पहुंचे और पूरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में भीड़ का माहौल बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा