दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए मंदिर कॉरिडोर तक पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़
दंतेवाड़ा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में शारदीय नवरात्रि की पंचमी आज गुरूवर काे मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे । फुटपाथ से लेकर मंदिर कॉरिडोर तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। जिला मुख्यालय में भक्तों की भारी भीड़ के कारण होटल और लॉज फुल हो गए हैं। बीती रात गीदम से दंतेवाड़ा तक सड़क किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। वहीं, दूर-दराज से आए श्रद्धालु रात भर मंदिर पहुंचने और दर्शन करने की तैयारी में जुटे हैं, होटल-लॉज में जगह नहीं मिल रही है।
दंतेवाड़ा में भक्तों की भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंदिर कॉरिडोर, फुटपाथ, पुलिया के आस-पास और मैदानों में लोग सोते नजर आए। कई श्रद्धालु पेड़ों के नीचे तो कई दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर रात बिता रहे हैं। चतुर्थी की रात भी जिला मुख्यालय में भीड़ इतनी ज्यादा रही कि कई जगह पैदल चलने तक की जगह कम पड़ गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के जवान रात भर ड्यूटी पर तैनात पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त कर रहे हैं। पुलिसकर्मी सड़क किनारे सो रहे श्रद्धालुओं को वहां से हटाकर सुरक्षित जगह पर जाने और सड़क पर आवागमन के लिए जगह छोड़ने की सलाह दे रहे हैं। ट्रैफिक टीआई मुकेश ताती मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभालते रहे, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच यातायात सुचारु बना रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

