अम्बिकापुर : रेत तस्करों की दुस्साहस का अंत, खाकी पर हाथ डाल भगाया था ट्रक, 24 घंटे के भीतर 2 गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 23 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले में रेत तस्करों के हौसले पस्त करते हुए पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के एक नगर सैनिक पर हमला कर रेत से लदा वाहन छुड़ा ले जाने वाले दो शातिर आरोपितों को गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महज 24 घंटे के भीतर धर दबोचा है। तस्करों ने सरेराह गांधी चौक सिग्नल पर न सिर्फ ड्यूटी पर तैनात जवान के साथ मारपीट की, बल्कि उसकी वर्दी फाड़ने की भी कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से रेत तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस सरगर्मी से छापेमारी कर रही है।
खनिज शाखा रायपुर में पदस्थ नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा ने गांधीनगर थाने में इस दुस्साहस की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दर्ज मामले के अनुसार, 22 जून को वह केंद्रीय उड़नदस्ता की टीम के साथ जांच के सिलसिले में सरगुजा संभाग आए हुए थे। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जब वह रेत से भरे एक संदिग्ध वाहन को कलेक्टोरेट परिसर अम्बिकापुर ले जा रहे थे, तभी वाहन चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक लड्डन खान का नाम लेकर उन्हें भुगत लेने की धमकी दी। जैसे ही गाड़ी गांधी चौक सिग्नल पर रुकी, वहां पहले से घात लगाए बैठे वाहन मालिक लड्डन खान और उसके साथियों ने नगर सैनिक को घेर लिया। आरोपितों ने बीच सड़क पर गाली-गलौज करते हुए जवान पर हमला कर दिया और उन्हें पीछे से पकड़ लिया, जिसका फायदा उठाकर चालक रेत से भरा वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था।
सरकारी कर्मचारी पर हुए इस हमले को डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (IPS) ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने के कड़े निर्देश जारी किए। इसके बाद एक्शन में आई गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जाल बिछाया और 24 घंटे के भीतर दो आरोपितों सोनू टोप्पो (19 वर्ष) और उसके पिता धनसिंह टोप्पो (35 वर्ष), निवासी सिलफिली पहाड़गांव, सूरजपुर को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने नगर सैनिक पर हमला करने और वाहन छुड़ाकर भागने का जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस पूरी त्वरित और कामयाब कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे और साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

