home page

मरौद टोल प्लाजा के पास गो-तस्करी का भंडाफोड़, 10 गायों को कराया मुक्त

 | 
मरौद टोल प्लाजा के पास गो-तस्करी का भंडाफोड़, 10 गायों को कराया मुक्त


मरौद टोल प्लाजा के पास गो-तस्करी का भंडाफोड़, 10 गायों को कराया मुक्त


दो अंतरजिला आरोपित गिरफ्तार, छह चक्का ट्रक सहित 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त

धमतरी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर कार्रवाई करते हुए कुरूद पुलिस ने मरौद टोल प्लाजा के पास एक छह चक्का ट्रक से 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया। मामले में बिलासपुर और कोरबा जिले के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गायों और परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड ट्रक सहित कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक छह चक्का ट्रक में गोवंश को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मरौद स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में 10 गायों को ठूंस-ठूंसकर और पर्याप्त दाना-पानी के बिना परिवहन करते पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका जताई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी गायों को मुक्त कराया और ट्रक में सवार दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रदीप कुमार कश्यप (38), निवासी गड़वर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर तथा मिथलेश पटेल (22), निवासी कसनिया जरभाठा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। मामले में थाना कुरूद में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जब्त 10 गायों की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये और ट्रक की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस ने लोगों से अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा