home page

गंदगी फैलाने वाले 23 लोगों से निगम ने वसूला 21,700 रुपये जुर्माना

 | 
गंदगी फैलाने वाले 23 लोगों से निगम ने वसूला 21,700 रुपये जुर्माना


नियमों की अनदेखी पर डेयरी सील, शहरभर में चला स्वच्छता अभियान

धमतरी, 07 मई (हि.स.)। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम धमतरी ने सख्त रुख अपनाते हुए स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गुरुवार काे निरीक्षण अभियान चलाकर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों, डेयरी संचालकों और सड़क किनारे कबाड़ फैलाकर रखने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देश पर निगम की टीम ने अलग-अलग वार्डों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 23 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 21 हजार 700 रुपये की चालानी वसूली की गई। निगम अधिकारियों ने साफ किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर डेयरी संचालकों द्वारा सड़क किनारे गंदगी फैलाने, अपशिष्ट सामग्री खुले में छोड़ने और नालियों को बाधित करने जैसी शिकायतें सामने आईं। बार-बार चेतावनी और समझाइश के बावजूद सुधार नहीं होने पर निगम प्रशासन ने लाल बगीचा निवासी कैलाश ग्वाल और रामकृष्ण ग्वाल की डेयरी को सील कर दिया।

इस कार्रवाई के बाद अन्य डेयरी संचालकों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों और सड़क किनारे कबाड़ सामग्री फैलाकर रखने वाले कबाड़ी व्यवसायियों पर भी कार्रवाई की गई। निगम अमले ने ऐसे व्यवसायियों के चालान काटते हुए उन्हें सामग्री व्यवस्थित रखने और यातायात में बाधा नहीं पहुंचाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने नागरिकों से शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। सड़क पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है। इसी उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी नियमित निरीक्षण और चालानी अभियान लगातार चलाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक मो. शेरखान, श्यामू सोना, दीपक पांडे सहित निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा