home page

डेयरी, कबाड़ी संचालकों समेत 17 लोगों पर निगम ने वसूला 27,500 रुपये का जुर्माना

 | 
डेयरी, कबाड़ी संचालकों समेत 17 लोगों पर निगम ने वसूला 27,500 रुपये का जुर्माना


डेयरी, कबाड़ी संचालकों समेत 17 लोगों पर निगम ने वसूला 27,500 रुपये का जुर्माना


डेयरी, कबाड़ी संचालकों समेत 17 लोगों पर निगम ने वसूला 27,500 रुपये का जुर्माना


जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों को दिया स्वच्छ शहर का संदेश

धमतरी, 08 मई (हि.स.)। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम ने अब सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को निगम की स्वच्छता टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान डेयरी संचालकों, कबाड़ी व्यवसायियों और अन्य दुकानदारों सहित कुल 17 लोगों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 27,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, नालियों में गंदगी डालने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों को मौके पर ही चेतावनी देते हुए जुर्माना लगाया गया। निगम की कार्रवाई से लापरवाह कारोबारियों में हड़कंप मच गया। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा और कमलेश ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। विशेष रूप से डेयरी और कबाड़ी संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे का उचित निपटान करने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में निगम की स्वच्छता टीम ने छत्रपति शिवाजी चौक से हाउसिंग बोर्ड चौक तक जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से नागरिकों से घर और दुकानों का कचरा सड़क पर न फेंकने तथा निगम के कचरा वाहन में ही देने की अपील की गई। अभियान के दौरान दुकानों और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी स्टीकर भी लगाए गए। निगम कर्मचारियों ने लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि स्वच्छ शहर केवल निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी से ही संभव है।

नगर निगम ने नागरिकों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने, डस्टबिन का उपयोग करने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है, ताकि धमतरी को स्वच्छ और आदर्श शहर के रूप में विकसित किया जा सके। अभियान में श्यामू सोना, गोविंद पात्रे सहित निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा