home page

40 वर्षों की सेवा के बाद सहकारी बैंक के गनमैन अली हैदर हुए सेवानिवृत्त

 | 
40 वर्षों की सेवा के बाद सहकारी बैंक के गनमैन अली हैदर हुए सेवानिवृत्त


जगदलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे गनमैन अली हैदर रिज़वी आज गुरुवार काे 40 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। बैंक परिसर में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, शाखा प्रबंधकगण, लैम्पस अध्यक्ष सहित सहकर्मी मौजूद रहे।

इलाहाबाद निवासी अली हैदर रिज़वी ने वर्ष 1986 में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। लगभग चार दशकों तक उन्होंने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्य परायणता के साथ निभाई । सेवानिवृत्ति के अवसर पर सहकर्मियों ने उनके सेवाकाल को याद करते हुए उनके कार्य और व्यवहार की सराहना की।

विदाई समारोह में बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने अली हैदर रिज़वी के दीर्घ सेवाकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि चार दशक तक किसी संस्था के साथ पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से जुड़े रहना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी विभीषिका के दौरान भी रिज़वी ने अपने जान की परवाह किए बिना बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को संभालते हुए अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन किया और उनके सेवाकाल की यादें बैंक परिवार के साथ हमेशा जुड़ी रहेंगी। उपाध्यक्ष श्री मिश्रा ने सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, सुखमय एवं शांतिपूर्ण जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है।

विदाई समारोह में भावुक होते हुए अली हैदर रिज़वी ने अपने लगभग 40 वर्ष के सेवाकाल को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1986 से लेकर आज तक बैंक में काम करते हुए उन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों और सहकर्मियों का हमेशा सहयोग एवं स्नेह मिला। उन्होंने कहा कि बैंक परिवार के साथ बिताया लंबा समय उनके जीवन की महत्वपूर्ण स्मृतियों में शामिल रहेगा।

समारोह को अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.ए. रज़ा, शाखा प्रबंधक दीपाली जैन, मार्केटिंग ऑफिसर संत कुमार कनौजिया, शाखा प्रबंधक (फील्ड़ कक्ष) सुरेश मतरानी ने भी संबोधित किया। वहीं कार्यक्रम का संचालन कर्मचारी युनियन के अध्यक्ष आर.के. सूर्यवंशी एवं आभार प्रदर्शन मुख्य लेखापाल गौरव शर्मा ने किया। समारोह के अंत में बैंक परिवार की ओर से अली हैदर रिज़वी को शाल श्रीफल से सम्मानित कर उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे