home page

योग और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र के विकास में योगदान दें : रूपनारायण सिन्हा

 | 
योग और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र के विकास में योगदान दें : रूपनारायण सिन्हा


योग और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र के विकास में योगदान दें : रूपनारायण सिन्हा


धमतरी, 16 मार्च (हि.स.)।भोपाल राव पवार शासकीय पालिटेक्निक रुद्री धमतरी में 16 मार्च को योग एवं उद्योग विषय पर व्याख्यान एवं अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रतिभावान छात्रों को अलंकृत कर सम्मानित किया गया।

स्वागत प्रतिवेदन पालिटेक्निक के प्राचार्य अमित मिश्रा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में योग का विशेष महत्व रहा है और आज विश्व के अनेक देश भारतीय योग पद्धति को अपना रहे हैं। पाश्चात्य समाज का झुकाव भी अब भारतीय ज्ञान, संस्कृति और योग की ओर बढ़ रहा है जो भारत की प्राचीन परंपराओं की महानता को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों को समझें। योग और नवाचार के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई के निदेशक राजीव प्रकाश नवाचार और उद्योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्रों को नई तकनीक और शोध की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संस्था के विद्यार्थियों को आइआइटी भिलाई में नवाचार गतिविधियों के लिए आमंत्रित किया। इसके साथ ही संस्था को नवाचार के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि युवाओं को पाश्चात्य सभ्यता के न्यूनतम मूल्यों से दूरी बनाकर भारतीय संस्कारों को अपनाना चाहिए। उन्होंने जीवन में आने वाली बाधाओं के साथ सामंजस्य बनाकर सफलता प्राप्त करने का मूलमंत्र भी दिया। जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य रामनाथ कश्यप ने योग और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज को एकजुट होकर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा संस्था के प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर शिवाजी राव कृदत्त, लक्ष्मण राव मगर, शिरोमणी राव घोरपड़े, चेतन हिंदूजा, संस्था के ईश्वर लाल देशमुख, हर्षल मोहिते, जय प्रकाश डनसेना, पंकज सिन्हा, दिव्यांशु देवांगन सहित अन्य व्याख्याता एवं छात्र - छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का संचालन कुंदन कुमार एवं श्रद्धा तिवारी ने किया। आभार प्रदर्शन संदीप सिंह द्वारा किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा