home page

लगातार बारिश से जनजीवन बेहाल, नदियां उफान पर

 | 
लगातार बारिश से जनजीवन बेहाल, नदियां उफान पर


लगातार बारिश से जनजीवन बेहाल, नदियां उफान पर


धमतरी, 29 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिले में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सबसे अधिक वर्षा मगरलोड और नगरी क्षेत्र में दर्ज की जा रही है, जिससे कई नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है और लोगों को सावधानी बरतनी पड़ रही है। लगातार हो रही बारिश का असर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

एक ओर जहां किसानों के चेहरों पर अच्छी बारिश से उम्मीद की किरण जगी है, वहीं दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। धमतरी, नगरी और मगरलोड विकासखंड में इन दिनों खेती-किसानी का कार्य पूरे जोर-शोर से चल रहा है। किसान धान की रोपाई और मथाई में व्यस्त हैं तथा खेतों में पर्याप्त पानी होने से कृषि कार्यों में तेजी आई है। हालांकि लगातार वर्षा के कारण नदियों में पानी की आवक लगातार बनी हुई है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। उधर, शहरी और रिहायशी क्षेत्रों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई नालियां जाम हो गई हैं। इसके चलते अनेक गलियों, सड़कों, खाली भूखंडों और निचले स्थानों पर पानी भर गया है। कई मोहल्लों में लोगों को पैदल चलने तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी जलभराव के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बनियापारा के मोहन यादव, सुबोध सिंह ठाकुर, पंचूराम साहू, देवेंद्र कुमार साहू ने नगर निगम से नालियों की तत्काल सफाई और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था करने की मांग की है।मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी वर्षा की संभावना जताई गई है, ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।

लगातार रिमझिम बारिश ने बाजारों में भी रौनक बढ़ा दी है। बरसात से जुड़े सामानों की मांग में अचानक बढ़ोतरी हुई है। रेनकोट, छाते, तिरपाल और अन्य बरसाती सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। कपड़ा विक्रेता राजेश देवांगन ने बताया कि बारिश शुरू होने के बाद से बरसाती वस्तुओं की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे व्यापारियों के कारोबार को भी गति मिली है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा