home page

संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना संविधान का महत्व

 | 
संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना संविधान का महत्व


धमतरी, 26 नवंबर (हि.स.)। शासकीय हाईस्कूल बाजार कुर्रीडीह में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना के पश्चात हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता डॉ. आशीष नायक ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि भारतीय संविधान को 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सबसे व्यापक लिखित संविधानों में से एक है, जिसमें लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को स्थान दिया गया है। संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराने का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों से परिचित कराने के साथ उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख अभयराम ध्रुव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय संविधान की विशेषताओं, उसके महत्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख अभयराम ध्रुव, डॉ. आशीष नायक, चुम्मन साहू, कमलेश निषाद, शिवकुमारी नेताम, भेमूराम साहू, प्रदीप पोटई, भावना रामटेके, भागीरथी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा