home page

कोरबा जिले के शासकीय कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में मनाया गया संविधान दिवस, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर ली गई शपथ

 | 
कोरबा जिले के शासकीय कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में मनाया गया संविधान दिवस, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर ली गई शपथ


कोरबा जिले के शासकीय कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में मनाया गया संविधान दिवस, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर ली गई शपथ


कोरबा, 26 नवंबर (हि. स.)। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को कोरबा जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विकासखंड मुख्यालयों और ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।

जिले के एसडीएम कार्यालयों, तहसील कार्यालयों, जनपद पंचायतों सहित कृषि, विपणन, उद्यानिकी, रेशम, मत्स्य, क्रेडा, जल संसाधन, लोक निर्माण, महिला एवं बाल विकास तथा आबकारी विभाग सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रस्तावना का वाचन कर संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

वहीं, जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और बंधुता की भावना को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रमों के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों ने जनहित और लोकसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करने की शपथ ली। साथ ही संविधान के आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी