सीआरपीएफ की 241वीं वाहिनी के मुख्यालय में मनाया गया संविधान दिवस
जगदलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 241वीं वाहिनी के मुख्यालय सेड़वा में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए उसके आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने की शपथ ली गई। इस अवसर पर सभी ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
आयोजन के तहत भारतीय संविधान के महत्व, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही सभी को संविधान की गरिमा बनाए रखने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी निरंजन कुमार निराला एवं वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निकिता आर. नायडू सहित वाहिनी के समस्त अधीनस्थ अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

