home page

प. बंगाल में शोषित, वंचित और आदिवासी समाज अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ा : भाजपा

 | 
प. बंगाल में शोषित, वंचित और आदिवासी समाज अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ा : भाजपा


रायपुर 07 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ने आज गुरुवार काे संयुक्त बयान जारी करते हुए बंगाल के चुनाव परिणामों पर हर्ष व्यक्त किया है। डॉ. जांगड़े व सिंह ने कहा कि बंगाल की कुल 84 अजा/अजजा सीटों में से जनता ने भाजपा को 67 सीटों पर ऐतिहासिक जनादेश दिया है, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस मात्र 17 सीटों पर सिमट कर रह गई है। यह स्पष्ट संकेत है कि शोषित, वंचित और आदिवासी समाज अब तुष्टीकरण की राजनीति को छोड़कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है।

भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जांगड़े व अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ने कहा कि बंगाल अजा/अजजा समुदाय ने कांग्रेस-टीएमसी सहित 'इंडी ठगबंधन' के झूठे दावों को सिरे से नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और विकासवाद पर अपनी मुहर लगा दी है। अजा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. जांगड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने उन लोगों को विकास की अग्रिम पंक्ति में लाने का कार्य किया है, जो दशकों से पीछे छूट गए थे। आज एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग को समझ आ गया है कि उनका वास्तविक हित केवल भाजपा के साथ सुरक्षित है।

अजजा मोर्चा अध्यक्ष सिंह ने कहा कि इंडी गठबंधन के पास न कोई नीति है और न ही नीयत। वे केवल भ्रम फैलाकर वोट बैंक की राजनीति करना चाहते थे, लेकिन बंगाल के इस स्पष्ट जनादेश ने साबित कर दिया है कि समाज के हर वर्ग की एकमात्र पसंद अब भाजपा है। कांग्रेस और टीएमसी के सारे दावे हवा-हवाई साबित हुए हैं। भाजपा नेताओं ने इस शानदार जीत के लिए बंगाल की जागरूक जनता और अथक परिश्रम करने वाले कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल