home page

2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को बेदखल करना है : दीपक बैज

 | 
2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को बेदखल करना है : दीपक बैज


रायपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। रायपुर में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने रविवार काे पत्रकारवार्ता में बताया कि एआईसीसी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत बस्तर से हुई थी। बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के बाद आज से रायपुर संभाग में प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ है।

दीपक बैज ने बताया कि रायपुर संभाग में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज पहला दिन है। इसमें आने वाले समय के लिए ब्लॉक अध्यक्षों को मानसिक रूप से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद सरकार के खिलाफ लड़ना है और 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को बेदखल करना है।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के छल-कपट और प्रोपेगेंडा से बचाने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झीरम को लेकर सरकार काम कर रही है। भाजपा के छल-कपट और प्रोपेगेंडा से कैसे लड़ा जाए, इसका प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भाजपा के ‘टाइम पास’ वाले बयान पर दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी बोल रही है कि हम टाइम पास कर रहे हैं, तो उन्हें बाद में पता चलेगा कि हमारे ट्रेनिंग के अंदर हम क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई व्यक्ति हमारे प्रशिक्षण शिविर में आकर एक घंटा बैठ जाए तो उसका शरीर, मन और हृदय परिवर्तन हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल