कांग्रेस ने राहुल गांधी पर आपत्तिजनक पोस्ट पर कोतवाली में सौंपा आवेदन
बीजापुर, 30 सितंबर (हि.स.)।जिला कांग्रेस कमेटी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने के विरोध में आज बुधवार काे विधायक विक्रम शाह मंडावी एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ता सचिन सिंह, निवासी भैरमगढ़, के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बीजापुर कोतवाली पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर सचिन सिंह द्वारा राहुल गांधी की तुलना आतंकवादी से करते हुए कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह की पोस्ट से राहुल गांधी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने पुलिस से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी राजनीतिक दल के नेता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने पुलिस से तीन दिवस के भीतर कार्रवाई किए जाने की मांग रखी। कांग्रेस पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपते हुए कथित पोस्ट की सत्यता और स्रोत की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी राजनीतिक दल के नेता के खिलाफ सोशल मीडिया पर अशोभनीय अथवा आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश यालम, नगर अध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, प्रवीण डोंगरे, कलाम खान, पार्षद बबीता झाड़ी, कविता यादव, जितेंद्र हेमला, बाबूलाल राठी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

