home page

सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 17 जून को कलेक्ट्रेट घेराव करेगी कांग्रेस

 | 
सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 17 जून को कलेक्ट्रेट घेराव करेगी कांग्रेस


धमतरी, 15 जून (हि.स.)।धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक जिला मुख्यालय स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विधायकगण, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर व्यापक चर्चा की गई तथा आगामी आंदोलन की रणनीति तय की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने में हो रही समस्याएं, पूर्ववर्ती सरकार की जनहितैषी योजनाओं को बंद अथवा धीमा किए जाने तथा धमतरी जिले की स्थानीय समस्याओं, बुनियादी सुविधाओं की कमी और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है और आम नागरिक, किसान, युवा तथा मजदूर वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है।बैठक में 17 जून को प्रस्तावित कलेक्ट्रेट घेराव कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ कांग्रेस कमेटियों के गठन और संगठन की मजबूती की समीक्षा भी की गई। नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनसंपर्क अभियान चलाने की अपील की।

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखते हुए कहा कि तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में धमतरी जिला कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ साय सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करेगी और एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी।

बैठक में विधायक ओंकार साहू, विधायक अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, शरद लोहाना, मोहन लालवानी, विपिन साहू, विजय देवांगन, अरविंद दोशी, कविता बाबर, आनंद पवार, योगेश शर्मा, खिलेन्द्र ध्रुव, गौतम वाधवानी, होमन्द्र साहू, सूर्याराव पवार, सलीम रोकड़िया, वसीम कुरैशी, नरेश जसुजा, मनीषा साहू, गौरव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा