home page

जांजगीर में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, कचहरी चौक में जोरदार नारेबाजी

 | 
जांजगीर में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, कचहरी चौक में जोरदार नारेबाजी


जांजगीर चांपा, 03 मई (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के जांजगीर में बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों को लेकर आज रविवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कचहरी चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ बताते हुए नाराजगी जताई। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर में करीब 993 रुपये की वृद्धि से छोटे दुकानदारों और व्यापारियों की लागत बढ़ गई है, जिसका असर अंततः आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही है। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि ने लोगों की कमर तोड़ दी है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर के दामों में जल्द कमी नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और आने वाले समय में यह मुद्दा और जोर पकड़ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT